हिंदी
पंजाब की कपूरथला जेल में हिंसा
Kapurthala: पंजाब की कपूरथला जेल से शनिवार रात को हिंसा की घटना सामने आई है। कपूरथला मॉडर्न जेल में कैदियों के दो समूह अचानक से उग्र हो गए। उन्होंने बैरकों में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगाने की कोशिश की। जेल के अंदर हिंसक झड़प कैदियाें और विचाराधीन कैदियों के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार यह घटना रात साढ़े आठ बजे के करीब हुई। हिंसा पर उतारू कैदियों ने बैरक संख्या 4 की दीवारों को तोड़ दिया। इसके बाद आग लगाने की कोशिश की। कपूरथला जेल में हिंसा पर अभी कोई आधिकारिक बयान जेल प्रशासन की तरफ से सामने नहीं आया है।
कपूरथला जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प
हिंसा पर उतारू कैदियों ने बैरक नंबर 4 की अंदरूनी दीवारों को तोड़ दिया और जेल के एक हिस्से में आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान जेल अधिकारियों और वहां तैनात पुलिसकर्मियों में दहशत फैल गई। जब पुलिस ने स्थिति को काबू करने की कोशिश की, तो कैदियों ने कथित तौर पर उन पर भी हमला बोल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, हिंसा बढ़ने के कारण जेल गार्डों की सतर्कता बढ़ा दी गई है, और परिसर के भीतर व्यवस्था बहाल करने के लिए क्षेत्रीय जिला पुलिस विभाग से तत्काल भारी संख्या में जवान बुलाए गए हैं।
घटनास्थल से कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। कैदियों का दावा है कि प्रशासन ने उन पर काबू पाने के लिए गोलियां चलाई हैं। जेल परिसर के बाहर 5-6 एंबुलेंस की मौजूदगी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जालंधर रेंज के डीआईजी (DIG) ने देर रात बयान जारी कर बताया कि स्थिति अब पूरी तरह काबू में है। जेल के अंदर हुई इस सुरक्षा चूक और हिंसा के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
Location : Kapurthala
Published : 23 May 2026, 11:46 PM IST