Kanpur Dehat News: ससुराल जाते समय हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर

कानपुर देहात के रूरा-मंगलपुर रोड पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें अकबरपुर निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 May 2026, 9:18 PM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र और मंगलपुर थाना क्षेत्र के मध्य रूरा रोड स्थित मुंडेरा विक्रम सिंह गांव के सामने बुधवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में अकबरपुर कस्बा निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

तेज रफ्तार आमने सामने दो बाइकें भिड़ी 

मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कस्बा निवासी सुमित गौतम बाइक से अपनी ससुराल थाना मंगलपुर क्षेत्र के दया का पुरवा गांव जा रहे थे। तभी झींझक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी अज्ञात बाइक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमित गौतम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस

सूचना पर पहुंची 102 एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक में भर्ती कराया गया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जेपी सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अकबरपुर के लिए रेफर कर दिया।

ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार युवक

झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा ने बताया कि घायल सुमित गौतम अपनी बाइक से थाना मंगलपुर क्षेत्र के दया का पुरवा ससुराल जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ करते हुए अज्ञात बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  27 May 2026, 9:18 PM IST