हिंदी
तहसील तिर्वा (Img: Dynamite News)
Kannauj: कन्नौज जिले के तिर्वा तहसील क्षेत्र से सरकारी जमीन में जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने सरकारी खलिहान और चरागाह की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहले अपने नाम दर्ज कराया और फिर उसकी बिक्री भी कर दी। मामले का खुलासा होने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस पूरे मामले में ठठिया क्षेत्र के लेखपाल अभिषेक कुमार ने आरोपी प्रमोद कुमार के खिलाफ थाना ठठिया में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
एफआईआर के अनुसार, राजस्व ग्राम ठठिया की कई गाटा संख्याओं में दर्ज जमीन सरकारी अभिलेखों में खलिहान और चरागाह के रूप में दर्ज थी। आरोप है कि ग्राम नथुआपुर निवासी प्रमोद कुमार ने जालसाजी कर इन जमीनों को अपने नाम खतौनी में दर्ज करा लिया। राजस्व विभाग को जब इस गड़बड़ी की जानकारी हुई तो मामला उपजिलाधिकारी न्यायालय तिर्वा पहुंचा। जांच और सुनवाई के बाद 16 दिसंबर 2024 को एसडीएम न्यायालय ने प्रमोद कुमार के नाम दर्ज फर्जी प्रविष्टियों को निरस्त कर दिया और जमीन को दोबारा ग्राम सभा की श्रेणी में दर्ज करने का आदेश दिया।
हाईवे पर मौत का तांडव: पहले डंपर से भिड़ी बस, फिर पीछे से आई डबल डेकर ने मचाई तबाही
बताया गया कि एसडीएम के आदेश के खिलाफ प्रमोद कुमार ने अपर आयुक्त कानपुर मंडल न्यायालय में आपत्ति दाखिल की थी। हालांकि वहां से भी उसे राहत नहीं मिली और मामला फिर से सुनवाई के लिए अधीनस्थ न्यायालय भेज दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद आरोपी ने कथित रूप से 1.5380 हेक्टेयर सरकारी जमीन का विक्रय कर दिया। आरोप है कि यह बिक्री 4 अक्टूबर 2025 को फर्जी दस्तावेजों के सहारे की गई।
लेखपाल अभिषेक कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी ने जानबूझकर सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग किया और आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से कूट रचित दस्तावेज तैयार किए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। थाना ठठिया पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन लोग शामिल थे। राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी बस! डंपर से टकराते ही लगी ऐसी आग, जिंदा जला ड्राइवर
सरकारी जमीन की बिक्री का मामला सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते मामला सामने नहीं आता तो करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन हमेशा के लिए निजी हाथों में चली जाती। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : kannauj
Published : 22 May 2026, 9:33 AM IST