हिंदी
चतरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक (Img: Dynamite News)
Chatra: चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1050 किलो डोडा बरामद किया है। डोडा को 85 बोरियों में भरकर ट्रक के जरिए तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ नागर गोजे शुभभ भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव और वर्षा किस्कु को शामिल किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर चतरा-बगरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान लमटा के समीप पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में 85 बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 1050 किलो डोडा बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें - Jharkhand Protest: रांची लाठीचार्ज का मामला पहुंचा देवघर, लोगों में आक्रोश, श्रावणी मेले की भीड़ ने रोकी बंद की रफ्तार
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद डोडा को रांची के बुंडू इलाके से पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा की खेप कहां से जुटाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरोला जिले के मंगवाल गांव निवासी सतपाल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ मौजूद एक अन्य आरोपी पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें - Jharkhand Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, कई जगहों पर प्रदर्शन और सड़कें जाम
एक करोड़ 60 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाली इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर डोडा की खरीद, परिवहन और पंजाब में इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा फरार आरोपी की भूमिका क्या थी। पुलिस ने बरामद डोडा और ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Chatra
Published : 15 August 2026, 5:40 PM IST
Topics : Chatra News Chatra Police crime news Jharkhand News