पत्नी की हत्या के 6 दिन बाद पति की भी संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम को लेकर गांव में हंगामा, बढ़ा रहस्य

महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के छह दिन बाद पति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच जारी है और गांव में दहशत का माहौल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 2:31 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार में छह दिन के भीतर हुई दो मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या हुई और अब उसी मामले की जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि पति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लगातार हुई इन दो घटनाओं ने पुलिस की जांच पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को पति का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर गांव में जमकर हंगामा हुआ। परिजन और ग्रामीण पुलिस के फैसले का विरोध करते रहे, लेकिन आखिरकार पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

गुरुवार सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय शिव नारायण पुत्र रामअवध की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घरवाले कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की मां रंजना देवी का कहना है कि शिव नारायण मानसिक रूप से मंदबुद्धि थे। उनकी तबीयत खराब होने के बाद परिवार ने संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

महराजगंज में दर्दनाक हादसा: पोखरे में डूबा 30 साल का युवक, 2 घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने निकाला शव

पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और परिजनों में विवाद

मौत की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। इसी बात को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। कुछ देर के लिए गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों का आरोप था कि उनकी इच्छा के विरुद्ध पुलिस जबरन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही है। वहीं पुलिस का कहना था कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के कारण पोस्टमार्टम कराना कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

मोबाइल छीनने का भी लगा आरोप

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर एक और गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब कुछ लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे, तब पुलिसकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए। हालांकि इस आरोप पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में सफल रही।

महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर, इलाज कराकर लौट रही 3 साल की मासूम को बाइक ने रौंदा; चालक फरार

छह दिन पहले पत्नी की हुई थी हत्या

यह पूरा मामला इसलिए और ज्यादा रहस्यमय बन गया है क्योंकि शिव नारायण की पत्नी की छह दिन पहले ही हत्या हुई थी। 24 जुलाई की भोर में अज्ञात लोगों ने उनकी पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। उस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक हत्यारों का पता नहीं चल सका है। पत्नी की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अब पति की संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को और उलझा दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शिव नारायण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  30 July 2026, 2:31 PM IST