
उन्नाव में भीषण सड़क हादसा
Unnao: उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों को दहला दिया। रात करीब 12:45 बजे हुए इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना तेज था कि बसों में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।जानकारी के मुताबिक दिल्ली से बस्ती की ओर जा रही कूलर लदी डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार वाहन डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जा पलटा। सड़क पर अचानक हुए इस घटनाक्रम से पीछे आ रहे वाहनों के चालक घबरा गए।
डीसीएम के पलटते ही लखनऊ की तरफ से आ रही एक बस के चालक ने स्थिति को संभालने के लिए अचानक ब्रेक लगाया। चालक ने वाहन नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन पीछे से आ रही दूसरी बस समय रहते नहीं रुक सकी और पहली बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अंदर बैठे यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़े। हादसे के समय दोनों बसों में करीब 40-40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग बस के अंदर फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
DN Exclusive: उन्नाव रेप घटना से लेकर सुप्रीम कोर्ट के आज के फैसले तक… जानिए अपराध का पूरा किस्सा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने राकेश सिंह (35), निवासी गोमती नगर, लखनऊ को मृत घोषित कर दिया। राकेश मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में दिल्ली के रवि कुमार, राजस्थान के सुरेश, बीकानेर निवासी रामसुंदर, आजमगढ़ के सुनील, देवरिया के मोइनुद्दीन और कुशीनगर के नागेंद्र कुमार शामिल हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दिल्ली रेप से उन्नाव कांड तक: बदला भारत या बदली चुप्पी? जानें कैसे न्याय की लड़ाई फिर चर्चा में आई
हादसे के बाद पुलिस ने राहत और बचाव कार्य पूरा कराया। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय के मुताबिक शुरुआती जांच में डीसीएम चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पुष्टि की जा रही है।
Location : Unnao
Published : 24 April 2026, 2:36 PM IST