शाम को घर से निकला युवक सुबह जंगल में मृत मिला, हमीरपुर में हत्या से सनसनी

हमीरपुर के मझगवां थाना क्षेत्र के जंगलों में 22 वर्षीय हरीशचंद्र पाल का शव मिला है। युवक सोमवार शाम से लापता था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 3 November 2026, 2:17 PM IST

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मझगवां थाना क्षेत्र के जंगलों में 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने की बात सामने आई है। मृतक की पहचान हरीशचंद्र पाल (22) पुत्र महिपत पाल, निवासी गोहानी के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम से घर से लापता था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को जंगल में उसका शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जंगल में मिला लापता युवक का शव

जानकारी के मुताबिक, हरीशचंद्र सोमवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। युवक की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कुल्हाड़ी से की गई है।

फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। इसके बाद फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे निशान मिले हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Hamirpur

Published :  3 November 2026, 2:04 PM IST