
यमुना नदी में कूदे युवक का 25 घंटे बाद शव बरामद(IMG: Dynamite News)
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में कूदे युवक का शव करीब 25 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीबाई तिराहे के पास रहने वाले प्रशांत के रूप में हुई है। युवक के नदी में छलांग लगाने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन प्रशांत का एक युवती से विवाद हुआ था। विवाद के बाद युवक ने कथित तौर पर अपनी बाइक युवती के ऑफिस में फेंक दी। इसके बाद वह यमुना नदी के पास पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई।
युवक की तलाश में पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी जुटे रहे। करीब 25 घंटे बाद संगम में बने पुल के पास कुछ मछुआरों ने नदी में शव को बहते हुए देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से विवाद सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Hamirpur
Published : 15 September 2026, 7:40 PM IST