Greater Noida Bus Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात डबल डेकर स्लीपर बस में भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। बस में करीब 35 लोग सवार थे। यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई। पटाखे जैसी आवाजों के बाद बस में आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 September 2026, 7:40 AM IST

Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही बिहार नंबर की एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी मच गई।

दयानतपुर गांव के पास बस में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, बस दयानतपुर गांव के पास पहुंची थी, तभी उसमें आग लग गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए।

पटाखे फूटने जैसी आवाजों से बढ़ा शक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में आग लगने के दौरान पटाखे फूटने जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। देखते ही देखते डबल डेकर बस आग की लपटों में घिर गई। आशंका जताई जा रही है कि बस में सामान के साथ अवैध रूप से पटाखे ले जाए जा रहे थे। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बलरामपुर में डीजे कांड के बाद पुलिस का एक्शन, साउंड सिस्टम जब्त, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब चार से पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग की विकरालता को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। आग बुझने के बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कराई गई।

भोर में नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि

हादसे में नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि भोर करीब 3:30 बजे हुई। मृतकों में महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जोधपुर फैक्ट्री अग्निकांड का खौफनाक मंजर, धमाके के बाद 13 फायरकर्मी अस्पताल पहुंचे

दिल्ली से महोबा जा रही थी बस

बताया गया कि हादसे का शिकार हुई बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर BR32 PA8647 बताया गया है। यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस बस में आग लगने के कारणों और पटाखे जैसी आवाजों के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

Location :  Greater Noida

Published :  24 September 2026, 7:40 AM IST