
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर में स्थित राधा स्काई गार्डन हाउसिंग सोसाइटी में एक बड़ी घटना हुई। दरअसल, एक युवक का उसकी मां से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपनी मां के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में मां को मामूली चोट आई है, लेकिन घटना खौफनाक तब हुई, जब मां पर हमला करने के बाद बेटे ने पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई है।
पूरा मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक का नाम सागर यादव था, जिसकी उम्र अभी केवल 21 साल थी। पुलिस को जांच से पता चला है कि सागर मूल रूप से पतवाड़ी गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ राधा स्काई गार्डन हाउसिंग सोसाइटी के टावर नंबर-1 में रह रहा था।
सागर के परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। शुक्रवार की रात को सागर का उसकी मां से विवाद हो गया। विवाद के बाद सागर ने अपनी मां के ऊपर चाकू से हमला कर दिया और फिर खुद भी पांचवी मंजिल से नीचे कूद गया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हुआ। परिजन उसको तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टर ने सागर यादव को मृत घोषित कर दिया।
सेंट्रल नोएडा के एडशिनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने सागर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक काफी लंबे समय से परेशान था।
Location : Noida
Published : 6 June 2026, 1:10 PM IST