
ट्विशा शर्मा केस में पुलिस का बड़ा दावा (Img: Google)
New Delhi: भोपाल में नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जहां एक ओर परिवार इसे दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला बता रहा है, वहीं दूसरी ओर भोपाल पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या करार दिया है। पुलिस के इस बयान के बाद केस ने नया मोड़ ले लिया है और अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रेस वार्ता में कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर यह मामला हत्या का नहीं बल्कि आत्महत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में “एंटी-मॉर्टम हैंगिंग” की पुष्टि हुई है, जिसका मतलब है कि मौत फांसी लगाने से हुई।
दरअसल, ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। घटना के बाद परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही ट्विशा को दहेज के लिए मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि लगातार प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की जान गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं। वहीं घटना के बाद से समर्थ सिंह के लापता होने की बात भी सामने आई है।
ट्विशा की सास ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि ट्विशा गांजा जैसी चीजों की आदी थीं और उनका परिवार उन्हें ग्लैमर इंडस्ट्री की ओर धकेल रहा था। हालांकि भोपाल पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने साफ कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार के ड्रग्स सेवन का कोई जिक्र नहीं मिला है। जांच के दौरान भी ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया, जिससे इन दावों की पुष्टि हो सके।
ट्विशा के परिवार ने मामले में दूसरे पोस्टमार्टम की मांग की है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दूसरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की अनुमति वापस ले ली, जिसके कारण उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया। इस पर पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि दूसरा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति देना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने कहा कि अगर परिवार दोबारा पोस्टमार्टम चाहता है तो उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना होगा। पुलिस ने परिवार की अर्जी को केस डायरी में शामिल कर लिया है और इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है।
मामले में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने माना कि जिस बेल्ट से कथित तौर पर ट्विशा ने फांसी लगाई थी, वह समय पर पोस्टमार्टम टेबल तक नहीं पहुंच पाई। इस लापरवाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस चूक की अलग से जांच कराई जाएगी और इससे मुख्य जांच प्रभावित नहीं होगी।
Location : New Delhi
Published : 20 May 2026, 12:04 PM IST