Gorakhpur: वीडियो बनाने को लेकर भड़का विवाद, दो पक्षों में जमकर मारपीट; गांव में तनाव

गोरखपुर के एक गांव में वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आखिर ऐसा क्या हुआ कि गांव में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 June 2026, 8:01 PM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के जंगल सराय उर्फ बेलवाबारी जप्ती गांव में एक वीडियो बनाने की घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। घटना से गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी सीताराम पुत्र जवाहिर अपने घर पर किसी पारिवारिक सदस्य के साथ कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। उसी समय पड़ोस में रहने वाले देवेंद्र शर्मा पुत्र रामशरण भोजन करने के बाद अपने मकान की छत पर टहल रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने नीचे हो रही घटना का मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

झांसी में पुलिस का शिकंजा, सीपरी बाजार हत्याकांड एनकाउंटर में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दोनों पक्षों की नोंकझोंक ने लिया हिंसक रूप

वीडियो बनाए जाने की जानकारी होने पर सीताराम और उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच शुरू हुई कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के कई लोग विवाद में शामिल हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना

घटना की सूचना किसी ग्रामीण ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने हालात को बिगड़ने से रोकते हुए विवाद में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद दोनों पक्षों से तहरीर ली गई और मामले की जांच शुरू की गई।

यूपी में फिर एनकाउंटर, कुख्यात को लगी गोली, दरोगा भी घायल; पिस्टल और तमंचे बरामद

घटना को लेकर गांव में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो विवाद और गंभीर रूप ले सकता था। इस संबंध में गोला थाना प्रभारी सी पी पांडेय ने बताया कि वीडियो बनाने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 June 2026, 8:01 PM IST