Gorakhpur: चीखते रहे मासूम, गिड़गिड़ाती रही गर्भवती महिला; चारे के विवाद में दबंगों का खौफनाक तांडव

गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में चारे के मामूली विवाद के बाद गर्भवती महिला समेत परिवार के कई सदस्यों से मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 4 August 2026, 6:43 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के कुआवार टोला रहरवा गांव में चारे के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर महिलाओं व बच्चों पर हमला बोल दिया। विरोध करने पर गर्भवती बहू समेत परिवार के कई सदस्यों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना के बाद पूरे गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने किसी तरह जान बचाई और पुलिस से शिकायत की।

चारा गिरने पर शुरू हुआ विवाद

पीड़िता सुमन पत्नी राजकुमार के अनुसार उनकी बेटी खुशी दूसरे मकान से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में थोड़ा-सा चारा गिर गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोग आगबबूला हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया।

Gorakhpur: शादी का सपना दिखाकर किया बड़ा अपराध, अब पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी

गर्भवती बहू समेत परिवार के लोगों से मारपीट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा। परिवार के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। सबसे गंभीर आरोप यह है कि गर्भवती बहू के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। घटना के दौरान परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले।

जान से मारने की धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जाते-जाते आरोपितों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद डरे-सहमे परिवार ने सहजनवा थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Gorakhpur: शादी के नाम पर युवती के साथ खेला बड़ा खेल! अब पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता की तहरीर के आधार पर रविन्द्र, गोविंद, दीपचंद, राम अवतार, प्रेमा देवी और भगवानदास के विरुद्ध बलवा, मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 August 2026, 6:28 PM IST