
गोरखपुर में ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के नर्रे बुजुर्ग गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। विसर्जन के बाद घर लौटते समय ट्रैक्टर-ट्राली से नीचे गिरकर पहिये के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां पलभर में मातम छा गया। इस हादसे ने एक गरीब परिवार का इकलौता सहारा और माता-पिता की उम्मीद छीन ली।
मृतक की पहचान नर्रे बुजुर्ग निवासी विजय मौर्य (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार की शाम विजय गांव में मूर्ति विसर्जन के लिए निकली ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार था। विसर्जन के बाद वापस लौटते समय अचानक वह ट्राली से नीचे गिर गया और उसके पहिये के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
Gorakhpur: पुलिस के शिकंजे में आया आरोपी, पिता पर किया था जानलेवा हमला
घटना के संबंध में विजय के पिता ने गगहा थाने में तहरीर देकर गांव के ही शैलेश गुप्ता पुत्र रामवृक्ष गुप्ता पर ट्रैक्टर-ट्राली लापरवाही से चलाने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि चालक की लापरवाही के कारण उनका बेटा हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विजय का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो बेटियों के बीच विजय इकलौता बेटा था और माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा माना जाता था। उसकी मौत से परिवार की सारी उम्मीदें एक झटके में बिखर गईं। मां अपने बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं।
Gorakhpur: मशीन की चपेट में आए युवक की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों में आक्रोश, चौराहे पर लगाया जाम
विजय की एक बहन राजन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन खुशबू अविवाहित है। इकलौते भाई की असमय मौत से दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस भाई के साथ उन्होंने बचपन बिताया और भविष्य के सपने संजोए थे, उसके यूं चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी गगहा राजकुमार सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर पर मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है।
Location : Gorakhpur
Published : 12 November 2026, 3:11 PM IST