गोरखपुर: कपड़ा खरीदने निकली युवती लापता, युवक समेत तीन पर केस दर्ज, परिवार में मचा हड़कंप

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र से एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर घर से ले गया और बेंगलुरु में रखा है। पुलिस ने युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 May 2026, 1:18 PM IST

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र में एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती को बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया और उसे बेंगलुरु में रखा गया है। मामले को लेकर परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है।

यह है पूरा मामला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती बीते 7 मई को घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। परिवार के लोगों के अनुसार युवती ने कपड़ा खरीदने के लिए बाजार जाने की जानकारी दी थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और गुमशुदगी दर्ज कराई गई। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर युवती की मां ने थाने में तहरीर देकर अपहरण और बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।

गोरखपुर में फिर फेल हुई बिजली व्यवस्था, कमिश्नर की फटकार के बाद बंद हुआ रुस्तमपुर उपकेंद्र

पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ बेंगलुरु ले गया

पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि गगहा थाना क्षेत्र निवासी गौतम उर्फ टंगा उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ बेंगलुरु ले गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस पूरे मामले में आरोपी युवक के बहनोई प्रभु और बहन पूजा ने भी सहयोग किया तथा युवती को अपने पास रखा हुआ है।

गोरखपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, वीडियो कॉल के बाद घटना; परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए जल्द बरामदगी की मांग की है। परिवार का कहना है कि युवती का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गोला पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 एवं 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस युवती की तलाश के साथ सभी आरोपों की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 May 2026, 1:17 PM IST