हिंदी
सलाखों के पीछे बंद आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: झंगहा थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की धोखाधड़ी करने के एक मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले से बैनामा हो चुकी जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसी भूमि का दोबारा बैनामा कर आर्थिक लाभ लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष झंगहा अनुप कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान थाना झंगहा पर दर्ज मुकदमा संख्या 67/2026 से संबंधित आरोपी रामानन्द पुत्र स्वर्गीय फौजदार, निवासी राजधानी हाथखाल, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें- तीन महीने से अधूरा बांकीपुल, बारिश में बंद हुआ रास्ता; एम्बुलेंस फंसी, पूर्व विधायक ने अभियंता को उतारा पानी में
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से बैनामा की जा चुकी जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उसी भूमि का दोबारा वादिनी के नाम बैनामा करा दिया। इस धोखाधड़ी की जानकारी होने पर पीड़िता ने थाना झंगहा में तहरीर दी, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- जब मुख्य जिम्मेदार ही रहेंगे गायब, तो कैसे बदलेंगे गांव? सचिवों के रवैये से नाराज पंचायत सहायकों ने उठाए सवाल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अनुप कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार चौबे, उपनिरीक्षक अवधेश तिवारी, कांस्टेबल मोहित सिंह तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 13 July 2026, 6:01 PM IST