गोरखपुर में बड़ी वारदात से पहले खुला राज! अवैध पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क

गोरखपुर के कैंपियरगंज में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हथियार के स्रोत और आरोपियों के संभावित आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 August 2026, 8:19 AM IST

Gorakhpur: जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

ग्रामीणों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम और पीआरवी-112 क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी ग्रामीणों ने सूचना दी कि दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया।

तलाशी में बरामद हुई अवैध पिस्टल

पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिखर द्विवेदी उर्फ प्रांजल, पुत्र अखिलेश द्विवेदी तथा दिपांकर सिंह, पुत्र स्वर्गीय विकास सिंह, दोनों निवासी फरदहनी, थाना कैंपियरगंज के रूप में हुई। बरामद हथियार को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

बरामदगी के आधार पर थाना कैंपियरगंज में मु0अ0सं0 396/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि हथियार कहां से आया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी आपराधिक गिरोह या अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े हैं या नहीं।

CWG 2026: भाला फेंक में भारत की डबल खुशी, नीरज चोपड़ा को रजत, यशवीर ने जीता कांस्य

ग्रामीणों की सतर्कता की पुलिस ने की सराहना

इस कार्रवाई में कांस्टेबल संगम कुमार, कांस्टेबल महेंद्र तिवारी, कांस्टेबल हरिकिशुन यादव, पीआरवी-112 की टीम और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के सहयोग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 August 2026, 8:19 AM IST