गोरखपुर: छठ घाटों से खाद दुकानों तक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की छापेमारी, गड़बड़ी मिली तो खैर नहीं!

Gorakhpur: छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर खजनी प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 November 2026, 1:53 PM IST

Gorakhpur: छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर खजनी प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ घाटों की व्यवस्था, जनगणना, खाद्यान्न वितरण, किसानों को उर्वरक की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट खजनी कुणाल रस्तोगी (आईएएस) ने प्रशासनिक प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए क्षेत्र के सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई हैं। घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उन्होंने स्वयं निरीक्षण की जिम्मेदारी ली है। इसके लिए क्षेत्राधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी घाटों के स्थलीय निरीक्षण की कार्ययोजना बनाई गई है। आपदा मित्रों की तैनाती के साथ उनकी संपर्क संबंधी जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।

जनगणना में सहयोग की अपील

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। संबंधित क्षेत्रों में सूचनाएं प्रसारित कर दी गई हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नागरिकों से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) में सक्रिय भागीदारी करने और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

राशन वितरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई तय

खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी वितरण समितियों और संबंधित सचिवों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। राशन वितरण में अनियमितता, लापरवाही या धांधली की शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र लाभार्थियों के अधिकारों के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

खाद की कालाबाजारी करने वालों पर रहेगी नजर

किसानों को राहत देने के लिए क्षेत्र में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई है। वहीं, डीएपी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उर्वरक की कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और खाद केंद्रों पर किसानों को परेशान करने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी शिकायतों की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Gorakhpur: अचानक लापता हुई 19 साल की युवती, भाई ने युवक पर लगाया बड़ा आरोप

खजनी में जाम और दुर्घटना वाले स्थानों पर होगा सुधार

खजनी थाना के आसपास लगने वाले जाम की समस्या को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इसके स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपाय कराने की पहल की जा रही है।

इसके अलावा सिकरीगंज में नदी की ओर उतरने वाली सीढ़ियों से जुड़ी समस्या को भी संज्ञान में लिया गया है। स्थानीय लोगों की परेशानी दूर करने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाकर उचित कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी ने नागरिकों से छठ पर्व शांति और सुरक्षा के साथ मनाने, जनगणना में सहयोग करने तथा राशन, खाद और अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

Location :  Gorakhpur

Published :  14 November 2026, 1:52 PM IST