जिस घर में सफाई और खाना बनाने आते थे, वहीं कर दी चोरी! बेलघाट में दो आरोपी गिरफ्तार, जमीन में गड़े मिले जेवर और नकदी

गोरखपुर के बेलघाट में घर से नकदी और जेवरात चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी पीड़ित के घर पर ही सफाई और खाना बनाने का काम करते थे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 September 2026, 8:10 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र में घर से नकदी और जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और 21,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पीड़ित के घर पर सफाई और खाना बनाने का काम करते थे।

वादी के घर से चोरी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पिपरसण्डी गांव निवासी गौरव सिंह पुत्र रामानन्द सिंह और कृष्णा उर्फ मुरारी पुत्र भजुराम के खिलाफ बेलघाट थाने में मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि दोनों ने वादी के घर से 80 हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में 8 सितंबर को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 239/2026 के तहत धारा 305(1), 61(2) बीएनएस में केस दर्ज किया था।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे वादी के घर पर सफाई और खाना बनाने का काम करते थे। एक दिन दोपहर में मौका पाकर उन्होंने बक्से का ताला खोलकर उसमें रखे जेवरात और नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरी किए गए सामान को वादी के शौचालय के पीछे दीवार के किनारे जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से सामान बरामद किया।

ये भी पढ़ें- तीन दिन में 13 बछड़ों की मौत! देवरिया के गोआश्रय केंद्र में मचा हड़कंप, केयरटेकर की गैरहाजिरी पर उठे सवाल

बरामदगी में क्या मिला?

बरामदगी में एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी और एक जोड़ी कान की बालियां शामिल हैं। पुलिस ने सभी जेवरात पीली धातु के बताए हैं। इसके अलावा 21,800 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में चोरी किए गए जेवरात की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गौरव सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में बेलघाट थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2021 में उसके खिलाफ चोरी और नकबजनी से संबंधित धाराओं में भी केस दर्ज हुआ था।

ये भी पढ़ें- ऑटो में पड़ा था स्कूल बैग, लेकिन कक्षा 4 का छात्र गायब! गोरखपुर में अचानक लापता हुआ बच्चा, पुलिस अलर्ट

गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के निर्देशन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार यादव, आरक्षी कुलदीप, रोहित सिंह और फैजान अफसर शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 September 2026, 8:10 PM IST