हिंदी
इंदिरापुरम एलिवेटेड रोड पर पांच कारें भिड़ीं (Img: Pinterest)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एलिवेटेड रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक पांच कारें आपस में टकरा गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे से आ रही गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहनों की रफ्तार काफी अधिक थी। अचानक ब्रेक लगने के बाद पीछे चल रहे वाहन चालक समय रहते कारों को नियंत्रित नहीं कर सके। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई कारों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से कोई गंभीर जानकारी सामने नहीं आई है।
पांच वाहनों की टक्कर के कारण एलिवेटेड रोड पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कारों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को दोबारा सामान्य कराया गया।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि फिलहाल हादसे के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 13 September 2026, 11:34 AM IST
Topics : Five Cars Collision Ghaziabad Accident Indirapuram Elevated Road Road Accident Traffic Jam Ghaziabad