
एक ही परिवार के 4 कत्ल से सनसनी (IMG: Dynamite News)
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। करधनी थाना इलाके में एक मकान के अंदर मां और उसकी तीन बेटियों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चारों की हत्या सिर पर पत्थर से वार कर किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक मृतकों में एक महिला और उसकी तीन बेटियां शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 17 से 24 साल के बीच बताई जा रही है। चारों के शव एक ही जगह से बरामद हुए हैं।
घटना जयपुर के करधनी थाना इलाके की बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि एक मकान में तीन बच्चियों और उनकी मां की सोते हुए सिर पर वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। तीनों बेटियों की उम्र करीब 17 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मौके पर बच्चियों के दादा ने बताया कि उनके बेटे और बच्चियों के पिता सुबह से ही फरार हैं। इसी आधार पर पुलिस का प्रथम दृष्टया शक राहुल झा पर जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी मामले की जांच पूरी नहीं की है और आरोपी के खिलाफ आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि घटनास्थल से खून से सने कपड़े भी मिले हैं। पुलिस अब मौके से मिले इन कपड़ों और दूसरे साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बना रही है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि हत्या से जुड़े हर सुराग को जुटाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने शुरुआती जांच के आधार पर घटना के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई है। हालांकि अभी हत्या की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस इस एंगल समेत दूसरे संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक घर से किसी कीमती सामान के चोरी होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि हत्या के समय घर में कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी के फरार होने की परिस्थितियां क्या थीं।
Location : Jaipur
Published : 11 September 2026, 3:51 PM IST