Firozabad News: कार का दरवाजा खुला और पलभर में बिखर गया परिवार, CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला हादसा

फिरोजाबाद में हुई एक मामूली सी चूक ने ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। सड़क पर सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन अगले ही पल ऐसा हादसा हुआ जिसने देखने वालों को भी झकझोर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 June 2026, 12:35 PM IST
google-preferred

Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार का दरवाजा अचानक खोलने से ऐसा हादसा हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

एक पल की लापरवाही बनी जानलेवा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा थाना उत्तर क्षेत्र के गोपाल आश्रम के पास शाम को हुआ। सड़क किनारे एक कार खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने बिना पीछे देखे अचानक वाहन का दरवाजा खोल दिया। उसी समय पीछे से एक बाइक गुजर रही थी।

बाइक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बाइक सीधे कार के खुले दरवाजे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे।

Chandauli: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का लेप, मचा हंगामा, सभासदों ने किया ये काम

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कार का दरवाजा अचानक खुलता है और पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा जाती है। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़ते हैं।वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

बुजुर्ग ने रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 57 वर्षीय हुकुम सिंह के रूप में हुई है। वह शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला बिलौटिया गांव के निवासी थे। घटना के समय वह अपने 30 वर्षीय दामाद प्रदीप कुमार के साथ बाइक पर सवार थे। दोनों गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन हुकुम सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

दामाद की हालत गंभीर

हादसे में घायल प्रदीप कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। परिजनों के मुताबिक, परिवार इस हादसे से पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और सभी लोग घायल प्रदीप के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

दोस्ती निभाने गया था युवक, लेकिन घर पहुंचते ही हुआ ऐसा कांड कि वायरल हो गया वीडियो! पुलिस ने तीन को भेजा जेल

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Location :  Firozabad

Published :  6 June 2026, 12:35 PM IST

Advertisement