
हादसा के बाद घायल बाइक सवार(Image Source: Dynamite news)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। असोथर बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोग जरौली गांव के पास हादसे का शिकार हो गए। तेज मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे में 45 वर्षीय राजू रैदास की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जरौली गांव निवासी राजू रैदास पुत्र, मैकू निषाद और उत्तम निषाद बाइक से असोथर बाजार खरीदारी करने गए थे। वापस गांव लौटते समय पानी की टंकी से पहले स्थित मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खंती में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही जरौली चौकी प्रभारी राकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय खालिस पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने राजू रैदास को मृत घोषित कर दिया, वहीं मैकू निषाद की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, उत्तम निषाद का उपचार किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झांसी में रफ्तार का खूनी खेल! अपाचे-बुलेट की रेस में गई जान, कार से टकराई बाइक
चौकी प्रभारी राकेश शर्मा के अनुसार हादसे के बाद तीनों लोग बेहोश हो गए थे, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बाइक कौन चला रहा था साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।
राजू रैदास के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद साधारण बताई जा रही है, उनके पास लगभग दो बीघा खेती थी। खेती और मजदूरी करके वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक राजू की सबसे बड़ी बेटी मनीषा की शादी हो चुकी है साथ ही अन्य छह बच्चों की उम्र 8 से 18 वर्ष के बीच है। पति की असमय मौत से बीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति देखते हुए पात्रता के अनुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
Location : Fatehpur
Published : 10 November 2026, 7:56 PM IST