फतेहपुर में खौफनाक गोलीकांड: कलयुगी बाप ने बेटे और बहू पर बरसाईं अंधाधुंध गोलियां, जानिये परिवार पर क्यों बरपा कहर

फतेहपुर के सीतापुर गांव में घरेलू विवाद के बाद कलयुगी पिता रामखिलावन ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से बेटे और बहू पर सरेआम गोलियां बरसा दीं। पेट और हाथ में गोली लगने से दोनों गंभीर हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया गया है। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी पिता फरार है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 24 June 2026, 2:57 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर दिया है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में एक कलयुगी पिता ने घरेलू विवाद के चलते हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में आकर पिता ने अपने ही खून से गद्दारी करते हुए अपने सगे बेटे और बहू पर अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से सरेआम गोलियां बरसा दीं। इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। गोली लगने से बेटा और बहू दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई।

घरेलू कलह बनी 'काल': पिता ने लाइसेंसी बंदूक से किया शिकार

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह खौफनाक वारदात आज सुबह करीब 10:00 बजे घटित हुई। सीतापुर गांव के रहने वाले रामखिलावन वर्मा का अपने ही बेटे अवनीश पटेल और बहू मनीषा उर्फ प्रियंका से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना उग्र हो गया कि रामखिलावन के सिर पर खून सवार हो गया। वह घर के अंदर गया और अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक उठा लाया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अपने ही बेटे और बहू पर एक-एक राउंड सीधे फायर झोंक दिया।

Fatehpur Crime: जमीन सौदे के चक्कर में बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा; पढ़ें पूरा मामला

बहू के पेट और बेटे के हाथ में लगी गोली, हालत बेहद गंभीर

बंदूक की कड़कड़ाहट से पूरा गांव कांप उठा। रामखिलावन द्वारा चलाई गई गोली सीधे बहू मनीषा उर्फ प्रियंका के पेट में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली बेटे अवनीश पटेल के हाथ में गंभीर चोट पहुंचाती हुई निकल गई। गोली लगते ही दोनों तड़पते हुए खून से लथपथ होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से भाग निकला।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) को दी गई। सुबह 10 बजे मिली इस खौफनाक खबर के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल भारी लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचा।

सीएचसी से कानपुर रेफर, जिंदगी और मौत के बीच जंग

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों गंभीर रूप से घायल मजरूबों (अवनीश और मनीषा) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिंदकी पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत कानपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों घायलों को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। घायलों की सुरक्षा और सहायता के लिए अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Fatehpur Crime: फतेहपुर में हाईवे किनारे चोरी का सनसनीखेज मामला, निर्माणधीन मकान से लाखों के तार और मशीनें गायब

बंदूक सीज, फरार आरोपी पिता की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

वारदात के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई रामखिलावन वर्मा की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक को मौके से बरामद कर सीज कर दिया है। हालांकि, मुख्य अभियुक्त रामखिलावन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

शीघ्र होगी गिरफ्तारी: पुलिस अधीक्षक

मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने बयान जारी कर बताया कि आरोपी पिता फिलहाल फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं। अत्यंत शीघ्र ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  24 June 2026, 2:57 PM IST