
रोते हुए परिजन (Dynamite News)
Farrukhabad: दीपावली के त्योहार की खुशियों के बीच कम्पिल थाना क्षेत्र के ग्राम पट्टी मदारी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पटाखा फोड़ने के दौरान स्टील का बर्तन फटने से 9 वर्षीय मासूम सम्राट की जान चली गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, पट्टी मदारी गांव में पटाखा फोड़ने के दौरान बर्तन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान पटाखे में जोरदार विस्फोट हुआ और स्टील का बर्तन धमाके के साथ फट गया। बर्तन के तेज धारदार टुकड़े उछलकर 9 वर्षीय सम्राट के गले में जा धंसे। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में मासूम को उपचार के लिए ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। 9 वर्षीय सम्राट की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं पलभर में मातम छा गया।
हादसे की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
पटाखे जलाते समय स्टील या अन्य धातु के बर्तनों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। बच्चों को पटाखों से दूर रखें और सुरक्षित तरीके से ही आतिशबाजी करें।
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी इस तरह के मामले प्रकाश में आ चुके हैं।
Location : Farrukhabad
Published : 10 November 2026, 11:04 AM IST