दिल्ली के द्वारका में डाबरी इलाके की सनसनीखेज चाकूबाजी और हत्या के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रातभर ऑपरेशन चलाया। दो कुख्यात अपराधियों को एनकाउंटर के बाद घायल हालत में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तार आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Delhi: राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले में 29-30 मार्च की रात हिंसा की दो बड़ी घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। डाबरी इलाके में महज 15 मिनट के भीतर दो अलग-अलग चाकूबाजी की वारदातें हुईं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के लिए यह कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती थी, जिसके बाद तत्काल एक्शन लिया गया।
पहली वारदात दुर्गा माता मंदिर मधु विहार के पास हुई, जहां गोविंद झा नामक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Bihar News: नालंदा के शीतला देवी मंदिर में पूजा के दौरान अचानक मची भगदड़, 8 लोगों की मौत; दस घायल
पहली घटना के कुछ ही मिनट बाद दूसरी चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें हनी, अनीश समेत तीन लोगों को निशाना बनाया गया। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया और दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच तेज कर दी।
राजधानी दिल्ली के द्वारका और नजफगढ़ इलाके में पुलिस ने एक के बाद एक दो एनकाउंटर किए, जिनमें दोनों जगह एक-एक बदमाश घायल हुआ। हत्या और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।… pic.twitter.com/7k5yHNxGPn
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 31, 2026
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इन दोनों घटनाओं के पीछे रोहित कुमार उर्फ 'नोदा' और प्रेम शर्मा उर्फ 'हिमांशु' का हाथ है। रोहित हाल ही में जेल से बाहर आया था, जबकि प्रेम पहले भी कई गंभीर अपराधों में शामिल रह चुका है, जिनमें फिरौती के लिए अपहरण और हत्या जैसे मामले शामिल हैं।
द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहित उर्फ नोदा को द्वारका सेक्टर-17 के पास घेर लिया। पुलिस के सरेंडर के आदेश को अनदेखा करते हुए आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने संयम रखते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मुठभेड़ के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बावजूद पुलिस ने साहस और संयम का परिचय देते हुए आरोपी को जिंदा पकड़ लिया। उसके पास से 7.65 एमएम की पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
दूसरी बड़ी कार्रवाई द्वारका की AATS टीम ने ओल्ड नजफगढ़ ड्रेन रोड पर की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेम उर्फ हिमांशु इस रास्ते से गुजरने वाला है। जैसे ही पुलिस ने उसे घेरा, उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरी रात ऑपरेशन चलाया। स्पेशल स्टाफ और AATS टीमों ने मिलकर रणनीतिक तरीके से इलाके की घेराबंदी की और खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों अपराधियों को दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी है और आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश जारी है।