
ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 116 वाहनों के चालान (Img: Dynamite News)
Deoria: सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के अलग-अलग इलाकों में हुई इस कार्रवाई में कई तरह के यातायात उल्लंघन सामने आए। पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 116 वाहनों के चालान काटे, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया।
अभियान के दौरान सुभाष चौक पर बिना फिटनेस चल रहे एक वाहन पर कार्रवाई की गई और उसे सीज कर दिया गया। वहीं रोडवेज बस स्टैंड पर सड़क पर ही वाहन खड़ा करके यात्रियों को उतारने और बैठाने वाली बसों को पुलिस ने निशाने पर लिया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतों पर चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें- “बच्चों की थाली और पढ़ाई से समझौता नहीं” सड़क जाम के बाद खुद स्कूल पहुंचीं डीएम, व्यवस्थाओं की खोली पोल
कसया ओवरब्रिज पर भी यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। यहां सड़क पर वाहन रोककर यात्रियों को बैठाने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के चालान किए गए। पुलिस की नजर खास तौर पर उन वाहनों पर रही, जिनकी वजह से सड़क पर अनावश्यक रुकावट पैदा हो रही थी।
देवरिया-गोरखपुर मार्ग स्थित खरौह बॉर्डर पर पुलिस ने इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन की मदद से वाहनों की गति जांची। निर्धारित सीमा से ज्यादा रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान किए गए। यानी सड़क पर तेज दौड़ रहे वाहनों पर भी पुलिस की नजर बनी रही। इसके साथ ही भारी वाहनों में प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रह सकता है।
ये भी पढ़ें- खेलने निकले थे दो मासूम, तालाब में डूबकर चली गई जान; सीतापुर में 5 और 6 साल के बच्चों की मौत से मचा कोहराम
यातायात पुलिस के मुताबिक अभियान में कुल 116 वाहनों का चालान किया गया और दो वाहन सीज किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़ा करके यातायात बाधित नहीं करने की अपील की है।
Location : Deoria
Published : 12 September 2026, 7:50 PM IST