PhonePe-Paytm का फर्जी इस्तेमाल, गिफ्ट कार्ड और ऐप के नाम पर चल रहा था साइबर फ्रॉड, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी Flipkart, Amazon जैसे नामों पर लोगों से ठगी करता था। पुलिस ने 2 मोबाइल, सिम और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

Updated : 29 April 2026, 10:59 AM IST
google-preferred

Deoghar: झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय साइबर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी तरीके से आम नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

Deoghar: DDC पीयूष सिन्हा का सख्त एक्शन, प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

फर्जी कस्टमर केयर बनकर करता था ठगी

गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर खुद को Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank जैसी कंपनियों का कस्टमर केयर अधिकारी बताता था। इसके बाद वह कॉल के माध्यम से लोगों को कैशबैक, लोन और सरकारी योजनाओं का झांसा देकर ठगी करता था।

डिजिटल प्लेटफॉर्म के नाम पर भी करता था फ्रॉड

आरोपी PhonePe और Paytm जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के नाम पर गिफ्ट कार्ड बनवाकर उन्हें रिडीम कराने के बहाने पैसे ऐंठता था। कई मामलों में Airtel Thanks App के जरिए बैंकिंग सेवाओं का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की जाती थी।

मोबाइल और सिम कार्ड बरामद, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड और 1 एटीएम कार्ड बरामद किया है। इन उपकरणों का उपयोग वह लंबे समय से साइबर ठगी के लिए कर रहा था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।

जामताड़ा कनेक्शन को लेकर बढ़ी सतर्कता

देवघर से सटे जामताड़ा जिले को साइबर अपराध का गढ़ माना जाता है। ऐसे में पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है ताकि किसी भी संगठित गिरोह को पनपने का मौका न मिले।

Deoghar: सदर अस्पताल को मिली आधुनिक एक्स-रे मशीन, जानें किस बैंक ने की मदद

एसपी का सख्त संदेश- जीरो टॉलरेंस नीति

पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा है कि साइबर अपराध को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर थाना में सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Location :  Deoghar

Published :  29 April 2026, 10:42 AM IST

Advertisement