
हत्या के मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर में नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आए लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से ऐसा हमला किया कि 86 साल के बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। घर के पीछे से निकलने वाली नाली का पानी खेत में जाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के नजरिए से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी।
पूरा मामला बलरामपुर जिले के कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम रजिया हरनीडीह का है। यहां रहने वाले दीपक कुमार यादव के घर के पीछे बनी नाली का पानी पड़ोसी और पाटीदार रामदेव यादव के खेत में जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। बीते 12 नवंबर की सुबह नाली के पानी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
वारदात से पहले ही बलरामपुर पुलिस ने दबोचा, टेढ़ी बाजार का युवक अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया
मारपीट के दौरान रामपियारे यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। बुजुर्ग की हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। शुरुआती इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज से बुजुर्ग की जान बच जाएगी, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रामपियारे यादव की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। शुरुआत में मारपीट से जुड़े मामले की जांच की जा रही थी, लेकिन बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने विवेचना में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ा दीं। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश देना शुरू किया।
पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रामदेव यादव, रामकिशुन यादव, रामकरन यादव, हेमन्त यादव, सुभाष यादव, हिमांशु यादव, जितेन्द्र यादव और ओम प्रकाश यादव शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम रजिया हरनीडीह के ही निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल छह लाठियां और दो लोहे के पाइप बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी एक ही परिवार और पट्टीदारी से जुड़े हैं। पुराने विवाद और नाली का पानी खेत में जाने को लेकर नाराजगी के चलते दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी।
Location : Balrampur
Published : 14 November 2026, 7:51 PM IST