बुलंदशहर में रेप-हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद ढेर; दूसरा फरार

बुलंदशहर के गुलावठी में पुलिस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मोनू मारा गया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 10:28 AM IST

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार तड़के पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गुलावठी थाना क्षेत्र के छपरावत के पास हुई इस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के पुलिस टीम छपरावत के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों की फायरिंग में स्वाट टीम के उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार घायल हो गए। वहीं, गुलावठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा और सिकंदराबाद थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।

UP Breaking News Live: उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी खबर; पढ़िए सियासत, कानून-व्यवस्था और मौसम का पल-पल का अपडेट

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत बदमाश की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, मृत बदमाश की पहचान मोनू पुत्र राकेश निवासी फतेहपुर जादौन, थाना चोला, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि मोनू ककोड़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित था।

इस मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और जीआरपी बरेली व अलीगढ़ में कई मुकदमे दर्ज हैं।

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे विवाद: पीएनसी इंफ्राटेक को तगड़ा झटका, तीन दिन में 13.94% लुढ़का शेयर

मौके से हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक भी मिली है। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश में जुटी है। उसके लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है और इलाके में कांबिंग कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एसएसपी ने बताया पूरा घटनाक्रम

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम ने बदमाशों को चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया था। पुलिस से घिरता देख दोनों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हुए और दो अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Location :  Bulandshahr

Published :  9 August 2026, 10:28 AM IST