
भैंस चोरी के प्रयास में खूनी खेल (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं में बीती रात उझानी थाना क्षेत्र के गांव कूडा नरसिंहपुर में भैंस चोरी की नीयत से आए बदमाशों ने पशुपालक पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार गांव निवासी राजीव पुत्र भूरे अपने घर के बाहर दो भैंस बांधकर चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 2 बजे के आसपास 4 से 5 अज्ञात लोग घर के बाहर पहुंचे और भैंसों की रस्सी खोलने लगे। रस्सी खोलने के दौरान हुई खटपट की आवाज से राजीव की नींद खुल गई। उसने ललकारते हुए शोर मचाया तो बदमाश घबरा गए। भागने से पहले उनमें से एक ने राजीव पर फायर कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए।
ये भी पढ़ें - Budaun: कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक लगी आग, धुआं उठते ही कूद पड़ा चालक
गोली राजीव के शरीर में लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग और पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजीव को उझानी सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर वहां से भी उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
परिवार ने घटना की सूचना रात में ही उझानी पुलिस को दे दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात 4-5 लोगों के खिलाफ भैंस चोरी के प्रयास, मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गांव और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
ये भी पढ़ें - Budaun: पुलिस चौकी में नाबालिग से मारपीट का आरोप, एक सवाल जिसने सबको चौंका दिया
इस घटना के बाद कूडा नरसिंहपुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से रात में मवेशी चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल राजीव के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 5 August 2026, 3:14 PM IST