जाम से कब मिलेगी राहत? बदायूं में पुलिस लाइन से कचहरी तक घंटों फंसे वाहन, नई ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल

बदायूं शहर में जाम की समस्या अब लोगों के लिए रोज की परेशानी बनती जा रही है। पुलिस लाइन चौराहे से कचहरी रोड और कई प्रमुख चौराहों तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 September 2026, 2:37 PM IST

Budaun: बदायूं जनपद मुख्यालय पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। शहर के हर प्रमुख चौराहे और मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आलम यह है कि पुलिस लाइन चौराहा से लेकर कचहरी रोड, इंदिरा चौक, संतोष सिंह तिराहा, पुरानी चुंगी, नवादा और लालपुर तक हर जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।

जाम से जनता हुई बेहाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में डग्गामार मार वाहनों और नो एंट्री में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस का पूरा ध्यान सिर्फ चालान काटने पर है, चाहे छोटा वाहन हो या बड़ा। जाम में लोग फंसे रहें, लेकिन व्यवस्था सुधारने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- निठारी कांड का आरोपी सुरेंद्र कोली नोएडा से क्यों पहुंचा हरिद्वार, कैसे खोली दुकान? संदिग्ध मौत के बाद उठे कई सवाल

नए ट्रैफिक प्रभारी पर सवाल

बताया जा रहा है कि जब से ट्रैफिक प्रभारी के तौर पर मनोज कुमार वर्मा ने कार्यभार संभाला है, तब से शहर में जाम की समस्या और भी विकराल हो गई है। शासन के स्पष्ट आदेश हैं कि यातायात को सुगम बनाया जाए, लेकिन बदायूं में स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उच्च अधिकारी भी इस गंभीर समस्या का संज्ञान नहीं ले रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Allahabad High Court: पूर्व मंत्री की मौत पर मुआवजा बढ़ाने की मांग खारिज, कोर्ट बोला- साक्ष्य से तय होगी आय

बड़े हादसे का इंतजार कर रहे अधिकारी?

शहर में लगातार प्रकाशित हो रही जाम से संबंधित खबरों के बाद भी सुधार न होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्या उच्च अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। फिलहाल बदायूं शहर की जनता जाम से निजात पाने के लिए प्रशासन से ठोस कार्यवाही की मांग कर रही है।

Location :  Budaun

Published :  18 September 2026, 2:07 PM IST