Budaun News: कहां गई नाबालिग बच्ची? 15 दिन बाद भी नहीं मिला जवाब, अब पिता ने उठाया ये कदम

बदायूँ में 15 दिनों से लापता नाबालिग की बरामदगी न होने पर पिता ने एसएसपी से शिकायत की। जांच अधिकारी पर लापरवाही और संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 28 June 2026, 6:02 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी पवन मौर्य ने अपनी 15 दिनों से लापता नाबालिग बेटी की बरामदगी को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूँ से न्याय की गुहार लगाई है। पिता ने जांच अधिकारी पर लापरवाही और संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाते हुए मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला

पवन मौर्य पुत्र पन्ना लाल मौर्य के मुताबिक, उनकी नाबालिग बेटी सुहानी मौर्य 6 जून 2026 की सुबह घर से अचानक लापता हो गई थी। घटना के बाद उन्होंने सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुकदमा संख्या 0135 दर्ज किया गया। इसके बावजूद अब तक नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

Budaun: 6 साल पहले सजाया था बेटी का घर, आज उसी घर से आई दर्दनाक खबर

जांच अधिकारी पर आरोप

पीड़ित पिता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से जांच अधिकारी पवन कुमार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पवन मौर्य का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के लगभग तीन दिन बाद जांच अधिकारी ने बताया था कि सुहानी आरोपी कोनेन खान के साथ मुंबई में है। अगले दिन जांच अधिकारी ने बयान बदलते हुए कहा कि लड़की अकेली है। 

पिता का आरोप है कि जांच अधिकारी को लड़की की लोकेशन की जानकारी होने के बावजूद 15 दिन बीतने के बाद भी बरामदगी नहीं हुई है। इससे जांच अधिकारी पवन कुमार की भूमिका संदिग्ध लग रही है। पीड़ित को आशंका है कि जांच अधिकारी आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

Budaun News: तीन दिन थाने में क्या हुआ? नाबालिग के पिता ने SSP से मांगा इंसाफ

दो युवकों पर शक, पूछताछ नहीं

पवन मौर्य ने बताया कि उन्होंने जांच अधिकारी को दो नाम दिए थे - कोनेन खान पुत्र नशरद खान, निवासी लालपुल पुलिस चौकी के सामने, और राहिल अब्बासी पुत्र कय्यूम, निवासी चौधरी सराय। पिता का दावा है कि सुहानी के लापता होने के बाद से ही दोनों युवक शहर में नहीं दिखे हैं। पिता का आरोप है कि नाबालिग के अपहरण में इन दोनों की मुख्य भूमिका हो सकती है, फिर भी अब तक इनके परिजनों से कोई पूछताछ नहीं की गई है।

एसएसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित पिता ने एसएसपी बदायूँ से मांग की है कि: नाबालिग सुहानी मौर्य को जल्द से जल्द बरामद किया जाए,नामजद कोनेन खान और राहिल अब्बासी को जांच के दायरे में लेकर कठोर कार्रवाई हो,जांच अधिकारी पवन कुमार की भूमिका संदिग्ध होने के चलते मामले की जांच किसी उच्चाधिकारी से कराई जाए। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Location :  Budaun

Published :  28 June 2026, 6:02 PM IST