देवरिया में दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का आरोपी पति गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद

देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 28 June 2026, 8:16 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की बनकटा थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई हथौड़ी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोहनपुर अंडरपास के पास से आरोपी कुन्दन कुमार जायसवाल (38) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी बनकटा थाना क्षेत्र के दास नरहिया गांव का रहने वाला है और पीड़िता का पति है।

आरोपी की निशानदेही पर हथौड़ी बरामद

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल की गई हथौड़ी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर के सामने झाड़ियों में छिपाई गई हथौड़ी बरामद कर ली। पुलिस ने बरामद हथौड़ी को कब्जे में लेकर उसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

दहेज की मांग को लेकर मारपीट का आरोप

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को पीड़िता की मां ने बनकटा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर उसके ससुराल वालों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा भी जोड़ दी गई।

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Location :  Deoria

Published :  28 June 2026, 8:16 PM IST

Advertisement