दीवार विवाद में खून-खराबा: खेत जा रहे अधेड़ की कुल्हाड़ी से हत्या, ताऊ के बेटे पर आरोप

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दीवार के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत जाने के लिए घर से निकले एक 54 वर्षीय अधेड़ की उसके ही ताऊ के बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 2:08 PM IST

Etawah: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक मामूली दीवार विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि एक परिवार हमेशा के लिए उजड़ गया। मंगलवार सुबह खेत जाने के लिए घर से निकले 54 वर्षीय अधेड़ पर उसके ही ताऊ के बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई। चीख-पुकार सुनकर जब परिजन घर से बाहर निकले तो अधेड़ खून से लथपथ पड़े थे, जबकि आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रास्ते में हुआ जानलेवा हमला

यह घटना इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनी की है। मृतक की पहचान विनय कुमार ऋषीश्वर उर्फ वकील (54) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे विनय अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह घर के सामने गली में पहुंचे, तभी उनके ताऊ के बेटे ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक आरोपी ने एक के बाद एक कई वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने से विनय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात इतनी अचानक हुई कि घर के अंदर मौजूद परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया।

इटावा में इस बात पर भड़का गुस्सा, सैफई तहसील में बैनामा लेखकों और वकीलों की हड़ताल, ठप रहा काम

दीवार के विवाद ने ले ली जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से दीवार को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के घर आमने-सामने हैं और बीच की जमीन पर बनी दीवार को लेकर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उसी दीवार पर छत डाली जानी थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश और जमीन से जुड़े विवाद ने इस हत्या की भूमिका तैयार की।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना प्रभारी विपिन मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भरथना के क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इटावा में साइकिल सीख रही नाबालिग अचानक हुई गायब, गांव में फैला आक्रोश

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक और दीवार से जुड़ा पुराना विवाद सामने आया है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Location :  Etawah

Published :  28 July 2026, 2:08 PM IST