
युवक की मौत ने खड़े किए कई सवाल (IMG: Dynamite News)
Mirzapur: रात में घर से निकला 37 साल का कमलेश फिर वापस नहीं लौटा। सुबह गांव के पास खेत में उसकी लाश मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर चोट के निशान थे और कान से खून निकल रहा था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस के सामने अपना आक्रोश जाहिर किया। यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लालगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के दुबार कला गांव का है।
कमलेश मुंबई में गाड़ी चलाता था और अपने बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आया था। परिवार में बेटे के मुंडन को लेकर तैयारियां चल रही थीं। बताया गया कि मुंडन कार्यक्रम शुक्रवार को होना था। सोमवार शाम कमलेश अपने पट्टीदार राम सजीवन के घर मुंडन का निमंत्रण देने के लिए गया था। इसके बाद वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
सुबह खेत में शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को देखा तो उसके सिर पर चोट के निशान मिले। वहीं कान से खून भी बह रहा था। शव की हालत देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मृतक के परिवार का आरोप है कि कमलेश की हत्या की गई है। इसी आरोप के चलते परिजनों ने तत्काल शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा, सीओ अमर बहादुर, इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय और चौकी प्रभारी कुंवर मनोज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। एसडीएम अजीत कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव को नहीं उठने दिया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू किए। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद से भी आसपास के इलाके में जांच की गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कमलेश की मौत खेत में किन परिस्थितियों में हुई। वह सोमवार शाम किसके साथ था, रात में कहां गया और खेत तक कैसे पहुंचा, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
Location : Mirzapur
Published : 11 August 2026, 1:54 PM IST