तालाब के किनारे दिखे दो शव, सिर पर गहरे वार के निशान… गांव में मची चीख-पुकार, पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के शव तालाब के नाले से मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के खुलासे के लिए कई पहलुओं पर जांच जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 July 2026, 8:16 PM IST

Jharkhand: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सरकारी तालाब के नाले में पति-पत्नी के शव पड़े मिले। दोनों शवों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

गांडकीदा गांव में मिली दोहरी मौत

यह सनसनीखेज घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला की है। मृतकों की पहचान 44 वर्षीय डोंका सिंकु और उनकी 42 वर्षीय पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में हुई है। दोनों के शव गांव के सरकारी तालाब से जुड़े नाले में पड़े मिले। खास बात यह रही कि दोनों शव एक-दूसरे से करीब 20 फीट की दूरी पर थे। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के सिर पर किसी धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान मिले हैं। इसी वजह से पुलिस हत्या की आशंका को प्रमुख मानकर जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके को भी खंगाला और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।

बिहार-बंगाल-झारखंड तक फैला था गोकशी का काला कारोबार, अमेठी में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

सुबह ग्रामीणों ने देखा तो उड़ गए होश

मृतक के भाई गोमिया सिंकु ने बताया कि घटना गुरुवार शाम की हो सकती है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे तो उन्होंने नाले में दोनों शव पड़े देखे। इसके बाद तत्काल गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी गई। गांव के प्रतिनिधि ने तुरंत कुमारडुंगी थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस और आला अधिकारी पहुंचे मौके पर

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद इंस्पेक्टर और जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।

झारखंड में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार से टकराया जगन्नाथ रथ, दो छात्रों की मौत; कई झुलसे

हत्या की आशंका

एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेंगे कई राज

पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही समय और हत्या के तरीके से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आएंगे। साथ ही फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

Location :  Jharkhand

Published :  31 July 2026, 8:16 PM IST