झारखंड में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार से टकराया जगन्नाथ रथ, दो छात्रों की मौत; कई झुलसे

खूंटी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान हुआ हादसा पूरे इलाके को हिला गया। 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 July 2026, 3:43 PM IST
google-preferred

Jharkhand: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भगवान जगन्नाथ के रथ को ले जाने के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते रथ में करंट दौड़ गया और वहां मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

इस हादसे में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

रथ खींच रहे थे छात्र

जानकारी के मुताबिक, तोरपा स्थित जगन्नाथ मौसीबाड़ी के पास धार्मिक परंपरा के तहत रथ को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और स्कूली छात्र रथ खींचने के लिए मौजूद थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रथ का ऊपरी हिस्सा अचानक 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से छू गया। तार के संपर्क में आते ही कुछ ही सेकंड में पूरे रथ में बिजली का करंट फैल गया। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए।

ये भी पढे़ं- चौतरफा घिरी सरकार: जंतर-मंतर पर छात्रों का सैलाब, तो संसद के बाहर पप्पू यादव ने पीठ पर पोस्टर चिपकाकर खोला मोर्चा!

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगने से बच्चे दर्द से तड़पने लगे और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और रथ से बच्चों को दूर करने की कोशिश शुरू कर दी।ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई बच्चों को समय पर इलाज मिल सका।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चंदन कुमार और तिजेश्वर गोप के रूप में हुई है। दोनों छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। दोनों परिवारों में अचानक हुई इस घटना के बाद मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे में घायल अन्य बच्चों का इलाज जारी है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ये भी पढे़ं- सोनम वांगचुक की हिरासत से क्यों गरमाया बांदा का माहौल? जानिए कलेक्ट्रेट क्यों पहुंचे सैकड़ों युवा

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि रथ ले जाने के समय बिजली सप्लाई बंद की गई थी या नहीं। इसके अलावा हाईटेंशन तार की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। खूंटी के तोरपा में हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई, इसकी जांच अब प्रशासन कर रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Location :  Ranchi

Published :  20 July 2026, 3:43 PM IST

Related News

Advertisement