Bilaspur Crime News: आखिर बस में ऐसा क्या छिपाकर ले जा रहे थे तीन लोग, चेकिंग में खुला करोड़ों का राज!

बिलासपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब सात किलोग्राम सोना और एक किलोग्राम चांदी बरामद की है। आरोप है कि यह कीमती सामान तेलंगाना से चोरी किया गया था और नेपाल ले जाया जा रहा था। मामले की सूचना तेलंगाना पुलिस को दे दी गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 June 2026, 3:14 PM IST

Bilaspur: बिलासपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलंगाना से चोरी किया गया भारी मात्रा में सोना और चांदी लेकर तीन लोग नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। साथ ही तेलंगाना पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल लोकेशन की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

बस की चेकिंग में हुआ बड़ा खुलासा

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों के पास से करीब सात किलोग्राम सोना और एक किलोग्राम चांदी बरामद हुई। बरामद आभूषणों और कीमती धातुओं की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

पति, पत्नी और साली गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल शाही, उसकी पत्नी विमला शाही और साली कल्पना शाही के रूप में हुई है। तीनों नेपाली मूल के निवासी हैं और नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

तेलंगाना में व्यापारी के यहां करते थे काम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तेलंगाना में एक व्यापारी के यहां काम करते थे। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से सोना और चांदी चोरी की और बाद में उसे लेकर नेपाल भागने की योजना बनाई। पुलिस को शक है कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस के जरिए सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे।

Video: हापुड़ में दहेज लालच की वेदी पर चढ़ी सोनम, जानें इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ

पूछताछ जारी, तेलंगाना पुलिस को दी सूचना

पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जानकारी तेलंगाना पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि चोरी के मूल मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। पुलिस बरामद सोने और चांदी के स्वामित्व तथा चोरी की पूरी साजिश की भी जांच कर रही है।

Location :  Bilaspur

Published :  9 June 2026, 3:14 PM IST