
ट्रेन की चपेट में आए दो ट्रेन अटेंडेंट (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भिटौरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में दो ट्रेन अटेंडेंट की जान चली गई। ट्रेन के रुकने के दौरान दोनों कर्मचारी नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक के पास खड़े थे। इसी दौरान दूसरी लाइन से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में दोनों आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 04014 लोकहा बाजार (आनंद विहार-लोकहा बाजार) भिटौरा रेलवे फाटक के पास रुकी थी। इसी ट्रेन में ट्रेन अटेंडेंट के रूप में दीपक चौहान और बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन ड्यूटी पर थे। ट्रेन रुकने के दौरान दोनों नीचे उतरे और रेलवे लाइन के पास खड़े हो गए।
इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से दूसरी लाइन पर 18104 अमृतसर-टाटानगर नॉन-स्टॉप ट्रेन तेज गति से गुजर रही थी। दोनों कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Bareilly: लालच में फंसा रिटायर कर्मचारी, ऐसे गंवाई जीवन भर की कमाई, एमडी पर मामला दर्ज
हादसे में 26 वर्षीय दीपक चौहान और 28 वर्षीय बिमलेश कुमार त्रिवेदी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक दीपक चौहान पुत्र सुमेर सिंह, नवादा गांव, थाना लवेदी, जिला इटावा के रहने वाले थे। वहीं बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन, गांव और थाना गुरबक्शगंज, जिला रायबरेली के निवासी थे।
दोनों रेलवे में ट्रेन अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत थे। हादसे की खबर सामने आते ही मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप सैनी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रभास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद बरेली जंक्शन से जीआरपी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस और जीआरपी ने दोनों शवों की शिनाख्त कराई और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
दोनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों नौकरी के सिलसिले में ट्रेन में ड्यूटी कर रहे थे, लेकिन ड्यूटी के दौरान हुआ यह हादसा उनके परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम छोड़ गया।
जीआरपी ने हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों कर्मचारी ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक के पास किस वजह से खड़े हुए थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
Location : Bareilly
Published : 27 August 2026, 7:15 PM IST