9 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों के साथ हंसी-खुशी चल रही थी जिंदगी… फिर ससुराल से आई ऐसी खबर कि मच गया कोहराम

बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में 30 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने 15 दिन पहले हुए पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के फरार होने से मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 July 2026, 3:21 PM IST

Budaun: जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मुगरा में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के मायके वालों ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोगों के घर छोड़कर फरार होने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

पुलिस के अनुसार, गांव मुगरा निवासी अंगूरी (30) पत्नी विजयपाल ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत मायके पक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

15 दिन पहले हुआ था पारिवारिक विवाद

मृतका के भाई रामखिलाड़ी ने पुलिस को बताया कि अंगूरी की शादी करीब नौ वर्ष पहले विजयपाल से हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। भाई का आरोप है कि लगभग 15 दिन पहले अंगूरी का पति, सास और अन्य परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रह रही थी।

घटना के बाद ससुराल पक्ष हुआ फरार

मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। इससे परिजनों का संदेह और गहरा गया है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Deoria: नारायनपुर मार्ग पर खुले गड्ढे बने मौत का जाल, पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से हादसे का बढ़ा खतरा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना पर पहुंची फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली लाठीचार्ज मामला: राष्ट्रीय गुर्जर महासभा का सरकार को कड़ा अल्टीमेटम, कहा- ‘दोषियों के चेहरे सार्वजनिक कर तय हो जवाबदेही’

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष फैजगंज बेहटा ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार ससुराल पक्ष की तलाश भी की जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  23 July 2026, 2:54 PM IST