5 दिन पहले ससुराल आई थी पत्नी, फंदे पर मिला शव… सदमे में सेना के जवान ने भी दी जान

उन्नाव के दांदामऊ गांव में सेना के सूबेदार की पत्नी का शव फंदे से मिला। पत्नी की मौत की खबर के बाद कोलकाता में तैनात पति ने भी आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 12:39 PM IST

Unnao: उन्नाव जिले में एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के दांदामऊ गांव में सेना के सूबेदार की पत्नी का शव घर में फंदे से लटका मिला। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता में तैनात सूबेदार पति ने भी आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

पांच दिन पहले पत्नी को लेकर आया था घर

जानकारी के मुताबिक, दांदामऊ गांव निवासी शैलेंद्र पांडेय (40) भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर तैनात थे। उनकी तैनाती कोलकाता के पानागढ़ स्थित सेना की मेडिकल कोर में थी। करीब 12 साल पहले उनकी शादी कानपुर निवासी साधना (38) से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही शैलेंद्र पत्नी को अपने साथ ले गए थे। परिवार के अनुसार, कुछ दिन पहले शैलेंद्र अपनी पत्नी साधना को लेकर गांव आए थे। परिवार में 27 जून को चचेरे भाई की शादी होनी है, जिसकी तैयारियां चल रही थीं।

छुट्टी खत्म होने को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र ने छुट्टी बढ़वाकर जल्द वापस आने की बात कही थी, लेकिन साधना इस बात को लेकर तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी की बात सामने आ रही है। मंगलवार रात साधना ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

उन्नाव साधु हत्याकांड का मास्टरमाइंड ढेर! पुलिस एनकाउंटर में एक लाख का इनामी इसराइल मारा गया

पत्नी की मौत की खबर सुन पति ने भी उठाया कदम

बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद शैलेंद्र कोलकाता स्थित अपनी ड्यूटी पर थे। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भी आत्महत्या कर ली। देर रात पुलिस अधिकारी की ओर से परिवार को घटना की जानकारी दी गई। एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर सुनकर गांव में मातम फैल गया।

मृतका के भाई ने लगाए हत्या के आरोप

वहीं, साधना के मायके पक्ष ने इस मामले में सवाल उठाए हैं। मृतका के भाई अनुज मिश्रा ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी साधना

परिवार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद भी साधना ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। पुलिस अब पुराने विवादों और पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।

खून से लाल हुआ मंदिर परिसर, उन्नाव में 60 साल के संत की बेरहमी से हत्या, इलाके में तनाव

दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

शैलेंद्र और साधना के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा यथार्थ और बेटी शानवी शामिल हैं। माता-पिता दोनों की मौत के बाद बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

बीघापुर कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Location :  Unnao

Published :  17 June 2026, 12:39 PM IST