खून से लाल हुआ मंदिर परिसर, उन्नाव में 60 साल के संत की बेरहमी से हत्या, इलाके में तनाव

बांगरमऊ कस्बे में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मंदिर की देखरेख कर रहे 60 वर्षीय संत मिलनदास की अज्ञात हमलावरों ने चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 9 June 2026, 7:29 PM IST
google-preferred

Unnao : उन्नाव जिले के बांगरमऊ कस्बे में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। निर्माणाधीन मंदिर की देखरेख कर रहे एक संत की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

मंदिर निर्माण की निगरानी कर रहे थे संत

जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला मोहल्ले के रहने वाले 60 वर्षीय संत मिलनदास लंबे समय तक बाबा बोधेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करते रहे थे। पिछले कुछ समय से वह अपना एक मंदिर बनवा रहे थे और अक्सर निर्माण कार्य की निगरानी के लिए वहां जाते थे।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर भोजन करने के बाद वह निर्माणाधीन मंदिर की ओर निकले थे। उनका घर मंदिर से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर है। इसी दौरान रास्ते में या मंदिर परिसर के आसपास अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

पीठ पर किए गए चाकू से कई वार

हमलावरों ने संत की पीठ पर चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी तब हुई जब वहां से गुजर रहे स्थानीय सभासद अतीक की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल लोगों की मदद से घायल संत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

Unnao Power Crisis: आंधी-बारिश के बाद ठप हुई बिजली, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने भी घटनास्थल का दौरा कर पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस का कहना है कि हत्या चाकू से किए गए हमले में हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। संत मिलनदास अविवाहित थे और अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Location :  Unnao

Published :  9 June 2026, 7:29 PM IST

Related News

Advertisement