
वैभव हत्याकांड में बड़ा एक्शन (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में हुए चर्चित वैभव हत्याकांड में जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट के पैतृक आवास को सील कर दिया। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी के घर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मकान को विधिवत सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में दिनभर हलचल का माहौल बना रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में की गई। खजनी तहसीलदार ध्रुवेष कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक देव नारायण मिश्रा, लेखपाल राजीव रंजन, गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन ने मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट के पैतृक आवास को सील करने के बाद स्पष्ट किया कि वैभव हत्याकांड में कानून के मुताबिक आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि 12 वर्षीय वैभव की हत्या के बाद खजनी क्षेत्र में भारी जनाक्रोश देखने को मिला था। घटना के बाद हजारों लोग खजनी थाने पहुंच गए थे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की भी मांग उठाई थी।
पुलिस का कहना है कि वैभव हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 July 2026, 5:44 PM IST