
प्रतीकात्मक छवि (Img: AI)
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कमरौली थाना क्षेत्र के सिठौली गांव में एक युवक ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी ही विधवा मां पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि खून से लथपथ महिला घर में ही बेसुध होकर गिर पड़ी। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घायल महिला के छोटे बेटे अमन ने बताया कि रविवार शाम उसकी मां रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान बड़े भाई और मां के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर मां के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जगदीशपुर ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गले में गंभीर चोट और लगातार बिगड़ती हालत को देखते हुए महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जगदीशपुर ट्रामा सेंटर के चिकित्साधिकारी डॉ. आत्मेश द्विवेदी ने बताया कि महिला के गले पर चाकू के गहरे घाव हैं। अधिक रक्तस्राव और गंभीर चोट के कारण उन्हें झटके भी आ रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया, ताकि समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
घटना की सूचना मिलते ही कमरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार पटेल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Amethi
Published : 20 July 2026, 1:22 PM IST
Topics : amethi news crime news uttar pradesh