
11 नामजद समेत 100 पर FIR (Img: AI)
Aligarh: चंडौस कस्बे में 11 साल के मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 नामजद और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को पुलिस ने गांव एलमपुरा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई आरोपी परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई को गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 11 साल के वंश सिसोदिया की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति हिंसक हो गई। भीड़ ने ट्रैक्टर में आग लगा दी और ईंट-पत्थर, सरिया व अन्य हथियारों से तोड़फोड़ की।
आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी पलटने का प्रयास किया और आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम के काम में भी बाधा डाली। सड़क से जली हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने पहुंची क्रेन को भी रोकने की कोशिश की गई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
Aligarh News: निर्माणाधीन मकान में मिला इलेक्ट्रीशियन का शव, मचा हडकंप
उप-निरीक्षक की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में सोनू, ललित, पंकज, विष्णु, बिन्ना, मोरा, हिमांशु, अमरीश समेत 11 नामजद आरोपियों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ बलवा, आगजनी, सरकारी कार्य में बाधा, लोक शांति भंग और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक आदित्य श्रीवास्तव को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एफआईआर दर्ज होने के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने गांव एलमपुरा में दबिश दी और दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई आरोपी अपने परिवारों के साथ घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Location : Aligarh
Published : 5 July 2026, 1:09 PM IST
Topics : aligarh news crime news fir UP Police uttar pradesh