
आगरा का खौफनाक हत्याकांड (Img: Pinterest)
Agra: पुलिस ने सुरेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में चार्जशीट तैयार कर ली है। सुरेंद्र का शव सिकंदरा पुलिस स्टेशन के इलाके में रेणुका धाम में उनके घर के बाथरूम में दबा दिया गया था। जांच के दौरान मिले सबूत और परिवार वालों के बयान बहुत अहम माने गए हैं। पुलिस अब DNA टेस्ट से पक्का करेगी कि बाथरूम से मिला कंकाल सुरेंद्र का ही है कोर्ट ने इस टेस्ट की इजाज़त दे दी है।
सुरेंद्र शर्मा 18 मई से घर से लापता थे। उनके परिवार ने 26 मई को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला तो उनके बड़े भाई अनिल ने शक जताया कि सुरेंद्र की हत्या कर दी गई है।
ये भी पढ़ें - Prayagraj: जिस रिश्ते पर था भरोसा उसी ने लगाया दाग, पुलिस आयी एक्शन में
जांच के दौरान पुलिस को सुरेंद्र की पत्नी रूबी शर्मा पर शक हुआ। पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसके पति शराब पीकर उसे पीटते थे। उसने कहा कि गुस्से में आकर उसने खीर में दवा मिलाकर उन्हें खिला दी जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बाथरूम में दबा दिया और उसके ऊपर नया फर्श बनवा दिया।
जब पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाया तो नीचे एक कंकाल मिला। मौके पर कुछ कपड़े भी मिले। कंकाल की कलाई पर एक कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला थी। इन चीजों के आधार पर परिवार ने कंकाल की पहचान सुरेंद्र के तौर पर की। हालांकि पुलिस वैज्ञानिक पुष्टि के बिना इस पहचान को पक्का नहीं मान रही है। अब कंकाल के DNA का मिलान सुरेंद्र की मां के DNA से किया जाएगा।
सुरेंद्र की दो बेटियों ने भी पुलिस को बयान दिए। उनके मुताबिक 18 मई की सुबह रूबी ने अपने देवर अनिल को फोन किया था। इसके बाद उनकी मां ने उन्हें और उनकी दादी को घर के बाहर बिठा दिया और दरवाजा बंद कर दिया। बेटियों ने बताया कि उस समय उनके पिता घर के अंदर थे। कुछ दिनों बाद रूबी भी अपने देवर के घर पहुंच गई। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि बाथरूम का फर्श कुछ उठा हुआ लग रहा था।
ये भी पढ़ें - Agra News: यमुना का बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, प्रशासन अलर्ट; हजारों परिवारों के लिए राहत की तैयारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद रूबी ने घटना के बारे में कई बार अपने बयान बदले। शुरू में उसने नींद की गोलियां देने की बात कही फिर दावा किया कि उसके पति ने आत्महत्या की है। बाद में उसने बाथरूम में शव छिपाने की बात कबूल कर ली। पुलिस को शक है कि इस घटना में कोई और व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। रूबी अभी जेल में है और पुलिस जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
Location : Agra
Published : 13 August 2026, 12:32 PM IST
Topics : Agra news Agra Police crime news UP News