Abaan Burial: अतीक-अशरफ और असद की कब्र के बगल में दफन होगा अबान? जनाजे में शाइस्ता की एंट्री पर पुलिस की नजर

झांसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अबान अहमद को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसकी कब्र अतीक अहमद, अशरफ और असद की कब्र के पास होगी। अबान के जनाजे में फरार शाइस्ता परवीन और जैनब के पहुंचने की अटकलों के बीच पुलिस सतर्क है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 August 2026, 9:38 AM IST

Prayagraj: झांसी में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के शव को प्रयागराज लाया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अबान को कसारी-मसारी स्थित पुश्तैनी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

पिता और भाई की कब्र के पास होगी दफन की तैयारी

बताया जा रहा है कि अबान को उसी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा, जहां उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्रें मौजूद हैं। अबान की कब्र उनके पास ही बनाए जाने की बात सामने आ रही है। शव को पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के हटवा गांव लाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

शाइस्ता के पहुंचने की अटकलों से पुलिस सतर्क

अबान की मौत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उसकी मां शाइस्ता परवीन के जनाजे में पहुंचने को लेकर है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से शाइस्ता लंबे समय से फरार है। पुलिस को आशंका है कि वह बुर्के की आड़ में जनाजे में शामिल होने की कोशिश कर सकती है। जैनब फातिमा के पहुंचने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

जनाजे में भीड़ पर पुलिस की नजर

बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस सतर्क है। बुर्कानशीं महिलाओं की भीड़ के बीच फरार आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती हो सकती है। ऐसे में पुलिस की नजर आने-जाने वालों पर रहेगी।

UP Live News: हापुड़ में चलती कार में युवती के साथ दुष्कर्म, राहुल गांधी का प्रयागराज जाने का रास्ता साफ, पढ़ें सभी बड़ी खबर

पहले भी कब्रिस्तान में दफनाए गए अतीक परिवार के सदस्य

उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद के परिवार पर लगातार कार्रवाई हुई। 13 अप्रैल 2023 को झांसी में यूपी एसटीएफ ने असद को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद उसे कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया था। 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की हत्या के बाद दोनों को भी इसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।

UP Weather Update: 10 अगस्त तक थमने नहीं वाली बारिश! जानिए आपके जिले में कैसा रहेगा आज का मौसम

अब सबकी नजर शाइस्ता पर

अबान के अंतिम संस्कार के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लंबे समय से फरार चल रही शाइस्ता परवीन बेटे के अंतिम दर्शन के लिए प्रयागराज पहुंचेगी? पुलिस भी संभावित गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

Location :  Prayagraj

Published :  7 August 2026, 9:15 AM IST