हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: भारतीय शेयर बाजार ने आज यानी 6 मई 2026 को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 406 अंकों की बढ़त के साथ 77,424 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी भी 138 अंकों की छलांग लगाकर 24,171 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार में चौतरफा तेजी देखने को मिली और अधिकतर सेक्टर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
निफ्टी के साथ-साथ आईटी, ऑटो और मेटल सेक्टर में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। निवेशकों की मजबूत खरीदारी ने बाजार को शुरुआती दौर में ही सपोर्ट दिया।
बाजार में आई इस तेजी के पीछे कई वैश्विक और घरेलू कारण रहे। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर सकारात्मक खबरों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में लगभग चार प्रतिशत की गिरावट आई। इससे भारतीय बाजार को बड़ा सहारा मिला।
इसके अलावा भारतीय रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत खुला। सोमवार के बंद स्तर 95.28 के मुकाबले रुपया 95.04 प्रति डॉलर पर खुला, जिससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ा।
एशियाई बाजारों में भी आज तेजी का माहौल देखने को मिला। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों और कच्चे तेल में गिरावट के चलते निवेशकों का उत्साह बढ़ा।
दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4.50 प्रतिशत की तेजी के साथ नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं कोस्डैक में हल्की 0.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 25,860 के आसपास कारोबार कर रहा था। जापान का बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद रहा।
अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मंगलवार रात जोरदार तेजी देखी गई। एस एंड पी 500 58.47 अंकों की बढ़त के साथ 7,259.22 के नए ऑल टाइम हाई पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 258.32 अंक चढ़कर 25,326.17 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। डाउ जोन्स में भी 365.35 अंकों की तेजी रही और यह 49,298.25 पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 1.20 प्रतिशत गिरकर 101.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। ब्रेंट क्रूड 1.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 108.69 डॉलर पर रहा। कॉमेक्स पर भी कीमतों में 1.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 5 मई 2026 को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3,519.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,756.56 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सपोर्ट दिया।
Location : New Delhi
Published : 6 May 2026, 10:18 AM IST
Topics : Market News Nifty Sensex stock market trading