IPS अफसरों की तैनाती में मचेगा हड़कंप: DGP मुख्यालय में मंथन शुरू, प्रमोट हुए 28 अफसरों को मिलेगी कमान

उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में जल्द ही बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर डीजी पद पर प्रमोट होंगे। चुनाव आयोग के मानकों और प्रमोशन के चलते नोएडा, वाराणसी समेत कई जिलों के कप्तानों का तबादला तय माना जा रहा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 9 July 2026, 1:48 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस महकमे से इस समय की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर समेत प्रदेश के कई जिलों में तैनात सीनियर आईपीएस (IPS) अफसरों के कार्यक्षेत्र में बहुत जल्द एक बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। दरअसल, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय को केंद्र सरकार द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी का निदेशक नियुक्त किया गया है।

सुजीत पांडेय के इसी सप्ताह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रिलीव होते ही अमरेंद्र कुमार सेंगर का डीजी (DG) के पद पर प्रमोशन का रास्ता साफ हो जाएगा। उनके प्रमोट होते ही राज्य पुलिस में बड़े पैमाने पर तैनातियों में फेरबदल होना पूरी तरह से तय माना जा रहा है।

समय से पहले मिला प्रमोशन का मौका

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अमरेंद्र कुमार सेंगर को पहले 30 अगस्त को डीजी ए मुथा जैन के सेवानिवृत्त (रिटायर) होने के बाद प्रमोट किया जाना था। लेकिन केंद्र से डीजी सुजीत पांडेय को जल्द रिलीव करने के निर्देश आने के बाद यह प्रक्रिया पहले ही शुरू हो गई है।

यदि इस बीच केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से डीजी स्तर का कोई अन्य अफसर उत्तर प्रदेश वापस नहीं लौटता है, तो अमरेंद्र कुमार सेंगर का डीजी बनना तय है। वहीं दूसरी ओर, ए मुथा जैन के 30 अगस्त को रिटायर होने के बाद, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में वर्तमान में तैनात अशोक सिंह एक सितंबर को डीजी के पद पर प्रमोट हो जाएंगे।

ससुराल है या अफसरों की खान? बरेली की लेडी सिंगम IPS अंशिका वर्मा के पति, जेठ और चारों ननदें सभी हैं सरकारी पदों पर तैनात

नए प्रमोट हुए 28 अफसरों को मिलेगी जिलों की कमान

तबादलों की इस लिस्ट में हाल ही में प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रमोट हुए 28 अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। इन सभी अफसरों को जल्द ही नई फील्ड पोस्टिंग दी जाएगी। डीजीपी (DGP) मुख्यालय में इन अधिकारियों के नामों और उनकी नई जिम्मेदारियों को लेकर लगातार उच्च स्तरीय मंथन चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संभल, बिजनौर, उन्नाव, बुलंदशहर, चित्रकूट और ललितपुर समेत कई महत्वपूर्ण जिलों के कप्तानों को बदला जा सकता है।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोग के कड़े मानक

इस फेरबदल के पीछे सिर्फ प्रमोशन ही नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव भी एक मुख्य वजह है। जिन आईपीएस अफसरों का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक एक ही स्थान पर तीन वर्ष का पूरा हो रहा है, उन्हें चुनाव आयोग के तय मानकों के अनुसार अनिवार्य रूप से स्थानांतरित किया जाएगा।

इस नियम के दायरे में नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनिराज जी जैसे दिग्गज अफसर आ रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ और कानपुर कमिश्नरेट में तैनात कई डीसीपी (DCP) और एसपी (SP) स्तर के अधिकारी भी इस बदलाव की जद में आएंगे।

यूपी के 28 PPS अफसर बने IPS, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी, देखिये सूची

इन अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट भी तैयार

डीजीपी मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, कई अन्य युवा और तेजतर्रार अफसरों के तबादले की सूची भी लगभग अंतिम चरण में है। इस सूची में वाराणसी में तैनात प्रमोद, आगरा में तैनात अतुल शर्मा द्वितीय, कानपुर में तैनात रविंद्र, वाराणसी में तैनात श्रुति श्रीवास्तव, आजमगढ़ में तैनात चिराग जैन, कानपुर कमिश्नरेट में तैनात शिवा सिंह, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात अमित कुमावत, वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात नीतू और पीलीभीत में तैनात विक्रम दहिया के नाम शामिल हैं। इन बदलावों से प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनाव से पहले एक नया स्वरूप देने की कोशिश की जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  9 July 2026, 1:48 PM IST

Related News

Advertisement